
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के मुख्य बाजार में अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले 25 व्यक्तियों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस अधिनियम के तहत चालान किए। आपको बता दे कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को डोईवाला पुलिस ने रेलवे रोड, मिल रोड और मुख्य बाजार में प्रभावी कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि मुख्य बाजार, रेलवे रोड और मिल रोड पर दुकानों के बाहर रखे अवैध बोर्ड, सामान तथा सड़क किनारे खड़ी ठेली-फड़ को मौके से हटवाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। वहीं, पुलिस की चेतावनी की अनदेखी करने वाले 25 उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर अवैध रूप से बोर्ड व सामान रखने तथा सड़क किनारे रेड़ी-ठेली और फड़ लगाने के कारण लंबे समय से यातायात बाधित होने के कारण पुलिस द्वारा समय-समय पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभयिना चलाया जा रहा है। पूर्व में भी अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियो के विरूद्ध कार्रवाई हुई थी।












