
पिथौरागढ़, 12 मार्च।
उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का बुधवार को अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी तरूण पंत ने राजकीय इंटर कॉलेज मुवानी, राजकीय इंटर कॉलेज थल तथा राजकीय इंटर कॉलेज पाँखू का निरीक्षण कर परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु नौगाई ने राजकीय इंटर कॉलेज धारचूला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज धारचूला, राजकीय इंटर कॉलेज कालिका तथा राजकीय इंटर कॉलेज जौलजीबी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों और बैठने की व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज धारचूला में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कक्ष निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा प्रभारी एवं सहायक प्रभारी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज जौलजीबी में निर्माणाधीन विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग को निर्धारित समयावधि में भवन निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वहीं डीडीहाट में स्थापित बोर्ड परीक्षा उप-संकलन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा एवं सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए उपनियंत्रक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












