डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (टीवीएल/टीएपीएस) विषय पर हितधारकों के लिए संवेदीकरण सह-अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य शहरी निकायों में तंबाकू नियंत्रण उपायों, विशेषकर तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना था।
सोमवार को नगर पालिका डोईवाला के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में डीटीसीसी और बालाजी सेवा संस्थान की टीम ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने सार्वजनिक स्वास्थ्य संरक्षण में नगर निकायों की भूमिका को रेखांकित करते हुए डोईवाला में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विक्रेता लाइसेंसिंग की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाएगी।
उन्होंने बालाजी सेवा संस्थान के तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रयासों की सराहना की। पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्कूली बच्चों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग व्यवस्था बच्चों को इसके दुष्प्रभावों से बचाने में सहायक सिद्ध होगी।
संस्थान की राज्य कार्यक्रम प्रबंधक ममता थप्पा ने टीवीएल के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जबकि एनटीसीपी की जिला सलाहकार अर्चना कांडवाल ने तंबाकू चालान से संबंधित प्रावधानों की जानकारी साझा की। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत, सभासद सुंदर लोधी, डॉ. सोनम, अजीत जस्सर, चंदन जायसवाल, अवतार सिंह, अमित सैनी आदि रहे।












