डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। गत बुधवार को देहरादून में हुए हत्याकांड के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार नाकेबंदी व सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार तड़के पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 4 बजे लालतप्पड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में बैरियर चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बैरियर से पहले ही रुक गया, लेकिन पुलिस को पास आता देख उसने पुलिसकर्मियों पर फायर झोंक दिया और स्कूटी घुमाकर फरार होने लगा। पुलिस ने करीब 100 मीटर तक पीछा कर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी स्कूटी छोड़कर सड़क किनारे स्थित एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उधर, इसी दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक अन्य बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए कोरोनेशन चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है। पूछताछ में बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस द्वारा आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।












