डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट), डोईवाला द्वारा उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह छह सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग तकनीक एवं गुणवत्ता नियंत्रण विषय पर आधारित होगा। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के अंतर्गत विकास आयुक्त कार्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा, जिसमें कुल 30 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण की शुरुआत 16 फरवरी से होगी और समापन 27 मार्च को किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नए उद्यमों को बढ़ावा देना, देश में उद्यमशीलता की संस्कृति को विकसित करना तथा इच्छुक एवं कार्यरत उद्यमियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्लास्टिक सामग्री एवं उनके गुण, प्लास्टिक प्रोसेसिंग तकनीक, उन्नत प्रसंस्करण एवं द्वितीयक संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं परीक्षण मानक के साथ-साथ औद्योगिक भ्रमण की जानकारी भी दी जाएगी।












