डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मारखम ग्रांट के बुल्लावाला गांव में बारहसिंगा के अचानक पहुंच जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार शाम करीब चार बजे की है उस समय किसान खेतों में गन्ने की फसल काट रहे थे और अन्य फसलों में सिंचाई कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक एक ओर से भागता हुआ विशाल बारहसिंगा खेतों के बीच से दौड़ता हुआ निकला और मुख्य सड़क पार करने के बाद कहीं ओझल हो गया। घटना से किसानों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। स्थानीय किसानों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों के आतंक से हमेशा भय का माहौल बना रहता है। बताया गया कि उक्त जानवर ने बाइक सवार को भी घायल किया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












