डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ स्थित औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के विरोध में श्रमिकों का धरना 14वें दिन भी जारी रहा। सेवा समाप्ति से नाराज श्रमिक मंगलवार को भी अनिश्चितकालीन धरने पर डटे रहे। श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप नेगी ने बताया कि गत सोमवार को उप श्रम आयुक्त कार्यालय में कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच वार्ता हुई, लेकिन उसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 02 मार्च को उप श्रम आयुक्त ने पुनः वार्ता के लिए दोनों पक्षों को बुलाया है। तब तक श्रमिक अपनी मांगों के समर्थन में धरना जारी रखेंगे। श्रमिक नेता पवन नेगी ने चेतावनी दी कि यदि बैठक के बाद भी श्रमिकों के पक्ष में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को परिजनों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बड़े जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। धरना स्थल पर विमल सिंह, ऋषि रावत, राहुल छेत्री, मोहित नेगी, ममता देवी, मनीष कुमार और नरेश असवाल आदि श्रमिक उपस्थित रहे।












