डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें जीवन बीमा, होटल प्रबंधन, फार्मास्युटिकल, विनिर्माण, बैंकिंग और परिवहन क्षेत्र की 29 कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों की करीब 700 रिक्तियों के लिए लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय देहरादून के तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में कुल 851 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 236 प्रतिभागियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 117 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन हुआ। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का कंपनियों के स्तर पर एक सप्ताह के भीतर अंतिम चयन कर उनकी सूची सेवायोजन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने नियोजकों से उत्तराखंड के युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और ऐसे रोजगार मेले युवाओं के लिए बेहतर मंच साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा मेहनती और ईमानदार हैं तथा राज्य के विकास में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। विधायक बृजभूषण गैरोला ने मेले में मौजूद विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर उनके द्वारा संचालित कार्यों और उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी ली। साथ ही विभागीय अधिकारियों को रोजगार मेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन अवसरों का लाभ उठा सकें। सेवायोजन विभाग की उपनिदेशक चन्द्रकान्ता ने बताया कि विभाग द्वारा रोजगार मेले के अलावा विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, स्किल हब और रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने नियोजकों से साक्षात्कार प्रक्रिया को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए योग्य अभ्यर्थियों का निष्पक्ष चयन करने का आग्रह किया। महाविद्यालय प्राचार्य डीपी भट्ट ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों के नियमित संचालन और युवाओं की करियर काउंसलिंग पर भी जोर दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, रजनीश कुमार, सोनम, बबलेश गैरोला, अजय खंडूड़ी, नीलकंठ जोशी, इंद्र सिंह चौहान, गुरमीत सिंह, संतोन सिंह रावत, प्रमेश कुमार, उज्ज्वल सिंह भंडारी, राजकुमार राज आदि मौजूद रहे।












