डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर लालतप्पड़ क्षेत्र में बुधवार शाम चलती स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार देहरादून से लालतप्पड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक स्कूटी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत स्कूटी छोड़कर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में स्कूटी बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लालतप्पड़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।












