डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बृहस्पतिवार को हुई इस बैठक में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आधुनिक उपकरणों के प्रभावी उपयोग, पर्याप्त जनशक्ति की तैनाती तथा रणनीतिक स्थानों पर पोस्ट स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त डॉग स्क्वाड की तैनाती, आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक एक्सरसाइज के आयोजन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और जागरूकता हेतु यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सूचनात्मक बैनर लगाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। आवश्यक स्थानों पर पैरामेडिक्स की तैनाती तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कार्मिकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक सुशील रावत एवं संजय उप्रेती, निरीक्षक प्रमोद रावत, अनिरुद्ध भंडारी, जगदम्बा प्रसाद, कवीन्द्र सजवाण, कर्ण सिंह, सुनील सती, राम गोपाल, जयपाल राणा, विजय रयाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












