डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका डोईवाला द्वारा स्वच्छता सप्ताह के पांचवें दिन सॉन्ग नदी किनारे व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के अंतर्गत शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड के निर्देशानुसार 7 से 13 अप्रैल तक आयोजित स्वच्छता उत्सव के क्रम में शनिवार को यह विशेष अभियान संचालित किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि स्वच्छता उत्सव के तहत विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान, नालियों की सफाई, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास गहन सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य आदि शामिल रहे। उन्होंने बताया कि जन-जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डिब्बों में डालने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि कचरा प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके। बताया गया कि अधिशासी अधिकारी के निर्देशन में जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।












