डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित वाहन दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि घटना देर रात की होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, हालांकि दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक पर मंगलवार रात करीब 12:45 बजे चांदमारी मार्ग की ओर से आ रहा एक ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर सामने स्थित मॉड्यूलर किचन व हार्डवेयर की दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकान का शटर अंदर की ओर धंस गया, दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अंदर रखा सामान भी टूट-फूट गया। सीसीटीवी फुटेज में वाहन तेज गति में आता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि गति कम न होने के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। दुर्घटना में वाहन चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।












