डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। श्री शिरडी साईं कृपा धाम मंदिर की ओर से रविवार को नगर में श्री साईं बाबा की 25वीं भव्य पालकी श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस वार्षिक पालकी यात्रा के दौरान पूरा नगर साईं भक्ति में रंगा नजर आया। सुबह से ही श्रद्धालु साईं मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे थे। निर्धारित समय पर विधिवत पूजा के बाद पालकी यात्रा का शुभारंभ हुआ। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और जय साईं राम के गगनभेदी उद्घोष के बीच श्रद्धालु बाबा की पालकी को कंधों पर लेकर नगर भ्रमण के लिए निकले।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर पालकी का भव्य स्वागत किया गया। बाबा की पालकी को कंधा देने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पालकी यात्रा देहरादून रोड, नगर चौक, मिल रोड, प्रेमनगर और रेलवे रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और साईं बाबा की सुसज्जित प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा ने सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर अग्रवाल धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालु सुनील अरोड़ा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव की भावना सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम में प्रेमलता रावत, संजय जिंदल, सुमन शर्मा, कोमल मेहता, सुनील पाल, कविता अरोड़ा, राकेश गुप्ता, बॉबी शर्मा, गौरी वर्मा, मनोज पाल, अनिल कुमार, हिमांशु कश्यप, ओम, रितिका, शिवानी आदि मौजूद रहे।












