डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभिनव गोपाल राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान आकर्षित किया। शुक्रवार को अभाविप कार्यकर्ताओं ने राजकीय महाविद्यालय डोईवाला के बाहर ऋषिकेश–देहरादून मार्ग पर स्पीड ब्रेकरों की संख्या बढ़ाने तथा सड़क के दोनों ओर महाविद्यालय के नाम के सूचना बोर्ड लगाए जाने की मांग को लेकर विभाग को ज्ञापन सौंपा। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहित डंगवाल ने बताया कि डोईवाला डिग्री कॉलेज राष्ट्रीय राजमार्ग 72 से भीतर की ओर स्थित है। राजमार्ग पर वाहनों की तेज गति के कारण पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि एक दुर्घटना में महाविद्यालय की एक छात्रा की मृत्यु भी हुई थी। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसी उद्देश्य से यह मांग रखी गई है। वही, लोनिवि अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान विभाग सह संयोजक अंशुल कृशाली, गौरव बिजल्वाण आदि उपस्थित रहे।












