डोईवाला। आगामी 12 फरवरी को अखिल भारतीय स्तर पर प्रस्तावित ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को समर्थन देने तथा सदस्यता अभियान चलाने को लेकर किसान सभा डोईवाला मंडल की बैठक आयोजित की गई। मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने बताया कि बैठक में 15 से 28 फरवरी तक चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान के लिए दस गांवों का चयन किया गया है तथा प्रत्येक गांव में सदस्यता प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। मंडल कमेटी ने केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों और मनरेगा कानून को समाप्त किए जाने की कड़ी आलोचना की। जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के समक्ष जिस प्रकार आत्मसमर्पण किया गया है, उससे देश के किसानों और कृषि क्षेत्र को गंभीर नुकसान होना तय है। मंडल सचिव याकूब अली ने बताया कि मजदूरों की देशव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए डोईवाला किसान सभा ने 12 फरवरी को देहरादून में आयोजित हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली, अनूप कुमार पाल, जाहिद अंजुम, पूरन सिंह, जगजीत सिंह, कृष्ण सिंह, गुरचरण सिंह, प्रेम सिंह पाल, जसबीर सिंह, हरीश कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।












