डोईवाला। उत्तराखंड स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी तथा दिव्य हिमगिरी के संयुक्त तत्वावधान में इंस्टिट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, देहरादून के सभागार में आयोजित 08वें हिमालयी नारी शक्ति सम्मान–2026 समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं संस्कृति कर्मी डॉ. ममता कुंवर को सम्मानित किया गया। बताया गया कि डॉ. ममता कुंवर को साहित्य, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी रचनाएँ पहाड़ की माटी, लोक परंपराओं और मानवीय संवेदनाओं से गहराई से जुड़ी हैं, जो पाठकों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं। इस दौरान डॉ. कुंवर ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की महिलाएँ अपनी प्रतिभा, परिश्रम और रचनात्मकता के बल पर समाज में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। ऐसे सम्मान कार्यक्रम महिलाओं के योगदान को पहचान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। समारोह में सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक शक्ति बताया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. भानु दुग्गल, कुमकुम रानी, डॉ. दुर्गेश पंत सहित आदि मौजूद रहे।












