डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रथम (ऋषिकेश) देहरादून जया बलोनी ने कोतवाली डोईवाला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को अर्द्धवार्षिक निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान उन्होंने मालखाने और शस्त्रों का निरीक्षण किया तथा माल के रखरखाव और उसकी स्थिति की जानकारी ली।
साथ ही थाना अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, थाना भवन, कार्यालय, मैस और आवासीय परिसर का भी जायजा लिया। उन्होंने थाना परिसर में खड़े वाहनों (लावारिस, एमवी एक्ट, माल मुकदमाती) तथा सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा एनसीआरपी, सीएम हेल्पलाइन, 1930, ऑनलाइन माध्यम और उच्चाधिकारियों से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों की निर्धारित समयावधि में जांच एवं कार्रवाई की स्थिति की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक जया बलोनी ने थाना एवं चौकी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सम्मेलन कर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही ड्यूटी और पुलिस द्वारा की जाने वाली विभिन्न कार्रवाइयों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन में रहकर जनता के साथ उच्चकोटि का व्यवहार रखते हुए ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अभिलेखों के समुचित रखरखाव, थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए । साथ ही एमवी एक्ट, पुलिस अधिनियम और अन्य चालानी कार्रवाई में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी और चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीनता एवं अच्छा व्यवहार रखने तथा पीड़ितों को नियमानुसार शत-प्रतिशत सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए।












