डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विद्युत विभाग ने बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को टीम ने डोईवाला उपखंड में 30 से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। एसडीओ ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल तीन माह से अधिक समय से बकाया है, उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उपखंड अधिकारी गिरिराज सिंह ने बताया कि डोईवाला क्षेत्र में बकाया वसूली और डिस्कनेक्शन की कार्रवाई के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में अभियान चला रही हैं।
उन्होंने बताया कि डोईवाला उपखंड में लगभग 1200 ऐसे उपभोक्ता हैं जिनके बिजली बिल तीन माह से अधिक समय से लंबित हैं। उपभोक्ताओं को समय रहते बिल जमा कराने के लिए लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से घोषणा भी कराई जा रही है कि तीन माह से अधिक समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे। बता दे कि वर्तमान में वित्तीय वर्ष का अंतिम माह चल रहा है, ऐसे में राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उपखंड अधिकारी डोईवाला स्वयं क्षेत्र में जाकर मोर्चा संभाले हुए हैं और अपनी टीम के साथ बकायेदार उपभोक्ताओं से बकाया बिल जमा कराने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अपना बिजली बिल समय पर जमा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












