डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली पुलिस के अनुसार, बुधवार को पुराने सौंग नदी पुल के पास डोईवाला में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की आकस्मिक चेकिंग के दौरान पुलिस ने अभियुक्त नाकी उर्फ सुन्दर (22) निवासी केशवपुरी बस्ती, दुर्गा मंदिर के निकट, डोईवाला के कब्जे से 06.10 ग्राम अवैध स्मैक (अनुमानित कीमत करीब 1,80,000/- रू) बरामद होने गिरफ्तार किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि स्मैक बरामद होने पर अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त को पूर्व में भी जेल भेजा जा चुका है और उसके खिलाफ कोतवाली में पहले से ही विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और डोईवाला क्षेत्र में फुटकर में स्मैक बेचता है।












