डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। बीती 20 जनवरी को कोतवाली क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पड़ोसी विक्की (19) निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल के आसपास और संभावित स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी लगाया। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी विक्की अपहृता को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के थाना गायघाट क्षेत्र के ग्राम बुसरा में छिपाकर रखा हुआ है। इस पर पुलिस टीम तत्काल बिहार के लिए रवाना हुई, लेकिन आरोपी अपहृता को लेकर किसी अन्य स्थान के लिए बस से निकल गया। उन्होंने बताया कि रविवार को पुलिस ने आरोपी विक्की को मुरादाबाद रोडवेज बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 16 वर्षीय नाबालिग अपहृता को बरामद कर लिया। अपहृता से पूछताछ में आरोपी द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई। इसके आधार पर मुकदमे में पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पिछले 25 दिनों से लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।












