डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। थिंक इक्वल संस्था और महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक-भावनात्मक शिक्षा पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को लच्छीवाला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र/कार्यालय में शुभारंभ किया गया।
यह कार्यक्रम कुआंवाला और भोगपुर सेक्टर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। बता दें कि थिंक इक्वल टीम द्वारा अब तक जनपद के 67 सेक्टर सुपरवाइजरों और 570 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सामाजिक-भावनात्मक शिक्षण पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 20 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनवाड़ी तंत्र से जुड़े बाल विकास परियोजना अधिकारियों और कर्मचारियों को बच्चों के भावनात्मक, सामाजिक और नैतिक विकास के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें जमीनी स्तर पर एसईएल आधारित कार्यप्रणालियों से सशक्त बनाना है। सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को बच्चों में आत्म-जागरूकता, सहानुभूति, सकारात्मक व्यवहार और समावेशी दृष्टिकोण विकसित करने से संबंधित गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान थिंक इक्वल संस्था द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को 25 चित्र पुस्तकों का वितरण किया गया, जिनके माध्यम से कहानी के जरिए बच्चों में सामाजिक-भावनात्मक शिक्षा का विकास किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक-भावनात्मक शिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आंगनवाड़ी व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में सामाजिक-भावनात्मक शिक्षा को मजबूत कर बच्चों के लिए सुरक्षित, समान और सकारात्मक सीखने का वातावरण तैयार करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। इस अवसर पर अंकित नेगी, रेखा भंडारी, पूजा और कमलेश आदि मौजूद रहे।












