डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। बीते रविवार देर रात हुई तेज बारिश, तूफान और ओलावृष्टि के कारण तेलीवाला क्षेत्र में करीब 10 से अधिक किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की 25 बीघा से अधिक फसल नष्ट हो गई। इस संबंध में पीड़ित किसानों ने सोमवार को उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उचित मुआवजे की मांग की। स्थानीय किसान अब्दुल खालिद ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। किसान खेती कर ही अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, ऐसे में फसल नष्ट होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता साकिर हुसैन ने बताया कि स्थानीय किसानों ने डोईवाला एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ओलावृष्टि व तूफान से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि किसानों को हुई क्षति की भरपाई हो सके। स्थानीय अधिवक्ता मेहताब आलम ने कहा कि जब गेहूं की फसल पूरी तरह पकने वाली हो और ऐसे समय में ओलावृष्टि व तूफान से फसल नष्ट हो जाए तो यह किसानों के लिए अपूरणीय क्षति है। ज्ञापन देने वालों में हाजी इकबाल, हसन, रिजवान, खुर्शीद, सलीम अहमद, हाफिज नासिर, बुन्दु, मोहम्मद मूसा, मोहम्मद जावेद, गुलाम साबिर आदि किसान मौजूद रहे।












