डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण का 31वां वार्षिक दिवस बुधवार को देहरादून एयरपोर्ट पर उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान को सराहा गया। एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार का संदेश सभी के साथ साझा किया, जिसमें संगठन की उपलब्धियों एवं भावी दिशा पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल संगठन की उपलब्धियों का उत्सव है बल्कि सुरक्षा और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक रूप से एएआई गीत का गायन किया गया, जिसने एकता एवं संगठनात्मक भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम में संयुक्त महाप्रबंधक (संचार) दीपक चमोली, संयुक्त महाप्रबंधक (प्रचालन) नितिन कुमार कादियान, मुख्य विमानन सुरक्षा अधिकारी जगन्मय सोम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












