डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एक मदद ब्लड ग्रुप समिति (रजि.) डोईवाला से जुड़े सदस्यों ने बुधवार को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती एक मरीज के लिए मानवता की मिसाल पेश की। मरीज मिनी आईसीयू में भर्ती था और उसे कई यूनिट रक्त की आवश्यकता थी। इसकी सूचना मिलते ही समिति के सदस्य सक्रिय हुए। जौलीग्रांट निवासी शाकिब अली, हजरत अब्दुस सुबहान, नईम अंसारी और अनीश अहमद ने हिमालयन अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट साकिर हुसैन ने बताया कि एक मदद ब्लड ग्रुप समिति जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि रक्त मशीन से नहीं बनाया जा सकता, यह केवल मानव शरीर से ही प्राप्त होता है, इसलिए रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है। समिति के सचिव आसिफ हसन ने बताया कि संस्था लगातार लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।












