डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आईटीआई डोईवाला के पुनः संचालन की मांग को लेकर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि 2018 में संस्थान के हस्तांतरण और प्रशिक्षण गतिविधियों के बंद होने के कारण क्षेत्र के युवा दूरस्थ आईटीआई संस्थानों में प्रशिक्षण लेने को मजबूर हैं। इससे समय और आर्थिक नुकसान के साथ कई युवा तकनीकी प्रशिक्षण से वंचित रह जाते हैं। मंत्रालय द्वारा 2019 में निर्गत निर्देशों के तहत ऐसे ब्लॉकों में प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराना अनिवार्य है, जहाँ कोई कार्यशील आईटीआई नहीं है। डोईवाला के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में तकनीकी प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बनी रहती है। यदि यहां आईटीआई पुनः खोला जाता है, तो युवाओं को निकटवर्ती उद्योगों में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र का औद्योगिक विकास भी बढ़ेगा।












