डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भानियावाला फ्लाईओवर के समीप बारिश के कारण जलभराव होने से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों को भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या सड़क किनारे की बंद नाली के कारण है, जिसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी अब तक नहीं खोल पाई है। सरदार चरणजीत सैनी और नवीन बर्थवाल ने कहा कि बरसात के दिनों में यहां पानी काफी मात्रा में जमा हो जाता है, जिससे कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। बताया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष और वार्ड सभासद को यह समस्या काफी समय पहले भी सूचित की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल समस्या के समाधान की मांग की है और प्रशासन से आग्रह किया है कि नाली खोलकर जलभराव की समस्या को जल्द दूर किया जाए।












