हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। देवाल बाजार में राजकीय इंटर कॉलेज मोटर मार्ग पर सुलभ इंटरनेशनल के द्वारा जनहित सुलभ शौचालय निर्माण के तहत स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे किया जिस पर देवाल के व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि देवाल बाजार में राइका देवाल जाने वाले मोटर सड़क पर सड़क किनारे भारी तादाद में गंदगी का अंबार के साथ ही शौचालय नही होने के कारण गंदगी सड़क पर पड़ी हुई हैं। जबकि यहां पर वांण, घेस, सवाड़ घाटी के अधिकांश वाहन खड़े रहते हैं ऐसी स्थिति में यहां पर सुलभ शौचालय के अभाव में नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। इस संबंध में उन्होंने पिछले महीने जिलाधिकारी विनोद कुमार को एक पत्र भेज कर उनके सम्मुख राइका मार्ग पर एक सुलभ शौचालय निर्माण की मांग की थी जिस पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल को देवाल में सुलभ शौचालय निर्माण के लिए स्थालीय निरीक्षण कर आंगणन तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर सुलभ इंटरनेशनल चमोली के व्यवस्था प्रभारी मनोज झा गुरुवार को देवाल पहुंचे एवं उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से विचार-विमर्श कर सुझाई गई जगह का स्थलीय निरीक्षण कर उसका नाप जोख करते हुए व्यापारियों को जल्द ही देवाल में सुलभ शौचालय के निर्माण का आश्वासन दिया। इस दौरान इच्छोली के वन पंचायत सरपंच नवीन चंद्र मिश्रा,देवाल व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत , विधायक प्रतिनिधि, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, व्यापार संघ उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह बिष्ट, महामंत्री गोविंद बिष्ट,भाजपा नेता गणेश मिश्रा आदि लोग मौजूद थे।












