डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट सेक्टर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र, बड़ोंवाला में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर मनाया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता राणा ने बताया कि 0 से 6 वर्ष की आयु तक बच्चे का लगभग 85 प्रतिशत विकास हो जाता है। यही वह महत्वपूर्ण अवस्था होती है, जिसमें बच्चे का मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास तीव्र गति से होता है। इसलिए बच्चों को खेल-खेल के माध्यम से शिक्षित कर उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है। सुपरवाइजर अनीता पटवाल ने कहा कि इस उम्र में बच्चों पर पढ़ाई का बोझ डालने के बजाय उन्हें समझने और उनकी गतिविधियों पर ध्यान देने की आवश्यकता होती है। उनके व्यवहार, समझ और सीखने की प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, नंदा गौरा योजना और महालक्ष्मी किट आदि की जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों को स्टेशनरी भी वितरित की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज रावत ने अभिभावकों से बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान देने, फास्ट फूड से दूर रखने और बच्चों को मोबाइल फोन न देने की अपील की। इस मौके पर ग्राम प्रधान भारत नेगी, वार्ड सदस्य मोनिका चौहान, निधि जायसवाल, रजनी रावत, कमला रतूड़ी, विमला नौटियाल, मीना राणा, अंजू नौटियाल, माया देवी आदि थे।












