डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) द्वारा संचालित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का दसवां बैच 05 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में आयोजित किया गया। इस बैच में कुल 66 युवाओं ने सहभागिता कर आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की मूलभूत जानकारी, आपदा प्रबंधन अधिनियम, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर, सर्च एंड रेस्क्यू तकनीक, रोप रेस्क्यू तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों का सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे आपदा की स्थिति में प्रभावी रूप से कार्य कर सकें। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित युवा समाज के लिए अमूल्य संसाधन होते हैं। संकट की घड़ी में प्रशिक्षित एवं जागरूक नागरिक ही सबसे पहले सहायता पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित युवा आपदा मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












