डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से नगर भ्रमण करते हुए एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बृहस्पतिवार को चांदमारी स्थित प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। जो मिल गेट होते हुए डोईवाला चौक पहुँची और आगे मिस्सरावाला होते हुए भगत सिंह चौक फिर पुनः शांति भवन पर आकर संपन्न हुई।
इस दौरान आयोजित सभा में ब्रह्मकुमारी कल्पना सिंघल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शिव जयंती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिव बाबा के अवतरण की स्मृति को मनाना तथा शोभायात्रा के माध्यम से आमजन तक परमात्मा का संदेश पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों से लगातार क्षेत्र में यह शोभायात्रा निकाली जा रही है। जिसमें डोईवाला, भानियावाला, जीवनवाला, जौलीग्रांट सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एक आध्यात्मिक एवं अध्ययन संस्था है, जिसका मुख्य उद्देश्य मानव जीवन में शांति, पवित्रता, प्रेम और आत्म-ज्ञान का प्रसार करना है। वहीं, मृदुला दीदी ने कहा कि आश्रम से जुड़ने पर मानसिक शांति की अनुभूति होती है और व्यक्ति को ईश्वर का सच्चा परिचय प्राप्त होता है। मौके पर ब्रांच हेड राधा दीदी, मृदुला दीदी, काजल, विमल, तेजपाल, राजू, सुदेश, कमलेश, निर्मला आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।












