डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नजीबाबाद, बिजनौर निवासी सलमान ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उनकी बहन सानिया का विवाह 27 जनवरी 2024 को भानियावाला निवासी बिलाल के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही सानिया को उसके पति बिलाल, सास सलमा, ससुर निसार, जेठ इमरान एवं ननद नसरीन द्वारा कम दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 20 लाख रुपये की मांग करते थे और मांग पूरी न होने पर सानिया के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते थे। तहरीर में बताया गया कि बीते 10 फरवरी को उन्हें मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि ससुराल पक्ष ने सानिया के साथ मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












