डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर लच्छीवाला स्थित प्राचीन लच्छेश्वर महादेव मंदिर के समीप दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मेला आयोजन के संबंध में प्रशासन, नगर पालिका और मंदिर समिति पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। मंदिर समिति से जुड़े देवराज सावन एवं प्रेम सिंह पम्मी ने बताया कि श्रद्धालुओं और मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, व्यवस्थाओं और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मेला परिसर में खाने-पीने की विभिन्न सामग्री के स्टॉल, खिलौनों की दुकानें, घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित अन्य अस्थायी दुकानें भी लगाई जाएंगी। श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ-साथ मेले का भरपूर आनंद उठा सकेंगे। झूला संचालक बादशाह ने जानकारी दी कि इस बार मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए जा रहे हैं। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी आयु वर्ग के लोगों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मेले का मुख्य आकर्षण ऊंचा जायंट व्हील और ड्रैगन झूला रहेगा, जो लोगों को खासा आकर्षित करेगा। झूला संचालकों ने बताया कि सभी आवश्यक अनुमतियां समय पर प्राप्त कर ली गई हैं। सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 15 एवं 16 फरवरी को मेले का आयोजन किया जाएगा।












