डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राष्ट्रीय लोकदल के खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मोहम्मद आफ़ताब आलम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने डोईवाला एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार को डोईवाला तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन दिया गया। जिलाध्यक्ष आफ़ताब आलम ने बताया कि तेलीवाला क्षेत्र के मौजा मारख़मग्रांट प्रथम में सुसवा नदी के समीप स्थित ग्राम समाज की भूमि एवं नदी श्रेणी की जमीन पर कुछ भूमाफियाओं द्वारा अवैध रूप से जमीन की डिमार्केशन कर प्लॉटिंग की जा रही है। आरोप है कि उक्त भूमि पर बच्चों के खेलने के लिए बने मैदान के कुछ हिस्से पर भी भूमाफियाओं द्वारा धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है। प्रदेश सचिव समीर खान ने कहा कि न्यायहित में इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ग्राम समाज एवं नदी श्रेणी की भूमि को चिन्हित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन को उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में मोहम्मद शादाब, शाहिद, फुरखान, शाहरुख अली आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।












