डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। परिजनों से नाराज होकर एक नाबालिग किशोर बिना बताए घर से निकलकर वृंदावन चला गया। इधर, परिजन उसे तलाशते रहे और बाद में पुलिस की शरण में पहुंचे। जौलीग्रांट चौकी प्रभारी नवीन डंगवाल ने बताया कि 18 फरवरी को नुन्नावाला, भानियावाला निवासी राजीव चौधरी ने सूचना दी कि उनका 13 वर्षीय पुत्र हनु चौधरी घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर गुमशुदा नाबालिग की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि बालक के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तथा क्षेत्र में गुमशुदगी की सूचना प्रसारित की गई। शुक्रवार को पुलिस ने नाबालिग को हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह परिजनों से नाराज होकर वृंदावन चला गया था और वहां से वापस लौटकर हरिद्वार पहुंच गया था। पुलिस ने नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।












