डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। श्रमिकों के शोषण के विरोध में लालतप्पड़ स्थित औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का धरना 10वें दिन भी जारी रहा। सेवा समाप्ति से नाराज श्रमिक शुक्रवार को भी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहे। श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया। गौरतलब है कि धरने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी कंपनी प्रबंधन, श्रम विभाग अथवा शासन-प्रशासन का कोई सक्षम अधिकारी मौके पर वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। भाजयुमो प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष भारत मनचंदा तथा यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय संगठन मंत्री हिमांशु पंवार धरना स्थल पर पहुंचे और श्रमिकों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने श्रमिकों की इस लड़ाई में साथ देने का आश्वासन देते हुए कहा कि कंपनी प्रबंधन का रवैया श्रमिक विरोधी है। मौके पर श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप सिंह नेगी, ऋषि रावत, पवन नेगी, विमल सिंह, मनीष नेगी, भूपेंद्र चौहान, प्रकाश थापा, मुकेश रौतेला, अनिल कश्यप, मुकेश शर्मा, मोहित नेगी, पवन कुमार, सूरज मोहन और जसपाल आदि मौजूद रहे।












