डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अत्यधिक शराब के नशे में धुत एक बीएमडब्ल्यू कार चालक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया गया। घटना में दो पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, जनपद में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार देर रात कोतवाली डोईवाला की लालतप्पड़ पुलिस चौकी गेट के सामने बैरियर लगाकर हरिद्वार की ओर से देहरादून आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बीएमडब्ल्यू कार तेज गति और लापरवाही से आती हुई डिवाइडर बैरियर से टकरा गई और बैरियर को घसीटते हुए पुलिसकर्मियों तक ले आई। जब पुलिसकर्मियों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने वाहन को पीछे करते हुए कथित रूप से जानबूझकर पुलिस टीम पर चढ़ाने की कोशिश की। घटना में चेकिंग ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक रघुवीर कपरवाण और मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम तरुण निवासी थाना स्वार, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया। चिकित्सीय परीक्षण में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने वाहन को सीज कर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।












