डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में गत वर्ष 01 दिसंबर को विकासखंड डोईवाला की ग्राम पंचायत इठारना (तहसील ऋषिकेश) में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्राप्त शिकायतों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। ग्राम पंचायत गौहरी माफी निवासी प्रदीप सिंह द्वारा अपने पिता और बलबीर सिंह रावत द्वारा अपनी माता का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। उक्त प्रकरण में ऋषिकेश उपजिलाधिकारी द्वारा पत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके पश्चात 29 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकासखंड डोईवाला को तीन दिवस के भीतर प्रकरण का निस्तारण कर कृत कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद पंचायतराज स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई न किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी को प्राप्त हुई। शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों पर अपेक्षित कार्रवाई में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने संज्ञान लेते हुए प्रकरण के निस्तारण तक जिला पंचायत राज अधिकारी, देहरादून के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश जारी किए। वेतन रोकने की कार्रवाई के बाद संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत गौहरी माफी निवासी प्रदीप सिंह के पिता स्व भगत सिंह तथा बलबीर सिंह रावत की माता स्व जयवन्ती देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र 08 फरवरी 2026 को जारी कर दिया गया।
“जनमानस की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर क्षम्य नही होगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की हिलाहवाली स्वीकार्य नहीं होगी।”
~सविन बंसल, जिलाधिकारी












