डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुगर कम्पनी लिमिटेड, डोईवाला द्वारा बुधवार को विभिन्न गन्ना समितियों के माध्यम से पेराई सत्र 2025-26 के लिए किसानों द्वारा मिल में 01 से 07 जनवरी 2026 तक आपूर्ति किये गये गन्ने के भुगतान के लिए 485.46 लाख रूपये धनराशि की सातवीं किश्त जारी की गई। जिसके अन्तर्गत डोईवाला शुगर मिल द्वारा सहकारी गन्ना विकास समिति, डोईवाला को 235.36 लाख, देहरादून समिति को 183.56 लाख, ज्वालापुर समिति को 28.90 लाख, रुड़की समिति को 26.85 लाख, दि पाँवटा वैली शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति पाँवटा को 4.06 लाख, दि शाकुम्बरी शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पाँवटा को एक लाख एवं लक्सर समिति को 5.73 लाख का भुगतान जारी किया गया, जिससे हजारों किसान लाभान्वित होंगे। अधिशासी निदेशक डीपी सिंह ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 प्रारंभ होने के बाद अब तक मिल स्तर से कुल 36.88 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने सभी किसानों से मिल में साफ-सुथरा ताजा, जड़ एवं अगोला रहित गन्ना शीघ्र आपूर्ति करने का अनुरोध किया है।












