डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में गोवर्धन बालापुरी मंदिर समिति की ओर से भव्य शिव बारात का आयोजन धूमधाम से किया गया। जिसमें कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शुक्रवार को ऋषिकेश रोड स्थित गोवर्धन मंदिर से ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकली शिव बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शिव बारात मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर केशवपुरी, राजीव नगर, मिल चौक, नगर चौक, डोईवाला चौक बाजार होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान नगर क्षेत्र बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, शिवलिंग और भगवान हनुमान की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इसके अलावा शिव बारात में भूत-प्रेतों का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य पुजारी निजानंद पुरी ने कहा कि महाशिवरात्रि हिंदू संस्कृति और सनातन परंपरा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है।
उन्होंने बताया कि शिव विवाह के उपलक्ष्य में शिव बारात का आयोजन किया जाता है। भगवान शिव की आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सकारात्मकता आती है। युवा सेवा मंडल से जुड़े यश सोनकर ने बताया कि यह चौथी भव्य शिव बारात है। वहीं, आयोजन समिति के अनिल कुमार व अजय कौशल ने जानकारी दी कि 16 फरवरी को गोवर्धन बालापुरी मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से पहुंचने की अपील की गई है। इस अवसर पर मनोज शर्मा, राजू चौहान, सुरेश चंद, अर्जन, जोगेंद्र कुमार, नीरज, सुनील चौधरी, कुलजीत सिंह आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।












