डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के विरोध में चल रहा आंदोलन नौवें दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचा और न ही कंपनी प्रबंधन का कोई प्रतिनिधि वार्ता के लिए आया, जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त है। इस बीच श्रमिकों को समर्थन देने के लिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, पूर्व प्रधान सागर मनवाल एवं कांग्रेस पदाधिकारी राहुल सैनी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए उनके संघर्ष में साथ देने का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कराने का प्रयास करने की बात कही। श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप सिंह नेगी ने बताया कि श्रमिकों ने आंदोलन को अधिक प्रभावी व तेज करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। प्रदर्शन करने वाले में पवन नेगी, विमल सिंह, ऋषि रावत, प्रकाश थापा, मनीष कुमार, पवन कुमार, मोहित नेगी, भूपेंद्र सिंह, नरेश असवाल आदि मौजूद रहे।












