डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला के एनसीसी कैडेट सार्जेंट सचिन दानोंसी का चयन गणतंत्र दिवस परेड 2026 के अंतर्गत यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम श्रेणी में किया गया था। इस अवसर पर उन्हें हॉल ऑफ फेम में ब्रीफिंग के लिए चुना गया। हॉल ऑफ फेम में सार्जेंट सचिन दानोंसी को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स तथा एडीजी रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को ब्रीफ करने का अवसर मिला। उत्कृष्ट ब्रीफिंग के लिए उन्हें डीजीएनसीसी मेडल से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने इस उपलब्धि पर कैडेट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य कैडेटों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी कैडेटों से अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के माध्यम से सफलता के नए आयाम स्थापित करने का आह्वान किया। एनसीसी की एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) वल्लरी कुकरेती, डॉ. राखी पंचोला, डॉ. एनडी शुक्ला, डॉ. पल्लवी मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कैडेट को बधाई दी।












