हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। विकास खंड थराली के अंतर्गत राइका लोल्टी में आयोजित जन,जन की सरकार जन,जन के द्वार कार्यक्रम के तहत कुल 105 शिकायतें दर्ज हुई जिसमें से 80 शिकायतों का निराकरण हुआ। शिविर में थराली को जिला बनाने की भी मांग उठाई। न्याय पंचायत लोल्टी में आयोजित शिविर में बतौर मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि जनता की छोटी-छोटी समस्याओं के निपटारे एवं सरकार के द्वारा संचालित तमाम योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तरों पर जन,जन के द्वार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विधायक ने आमजन से इन शिविरों का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। शिविर की अध्यक्षता करते हुए थराली के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने समस्याओं एवं शिकायतें सुनी।इस मौके पर नगर पंचायत थराली के अंतर्गत देवराड़ा वार्ड के भूवन टम्टा ने कहा कि दो महीने में उन्हें दो आय प्रमाण पत्र 96 व 60 हजार प्रति वर्ष जारी किया गया है।
जिस पर उपजिलाधिकारी ने कड़ा रूख अपनाते हुए दो महीने में दो अलग-अलग आय प्रमाण जारी करने पर राजस्व उपनिरीक्षक देवराड़ा को तत्काल हटाने के तहसीलदार को निर्देश दिए। अभिभावक संघ के अध्यक्ष तेजपाल गुसाईं ने राइका लोल्टी में दैवी आपदा से क्षति पहुंचाने के बावजूद धनराशि नही मिलने की शिकायत दर्ज की। राज्य आंदोलनकारी भूपाल राम गुसाईं ने थराली को जिला बनाएं जाने, राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को पिंडर घाटी से जोड़ने के लिए प्रस्तावित विनायक-कस्बीनगर मोटर सड़क का निर्माण किए जाने, थराली में उप जिला चिकित्सालय बनाएं जाने,तुगेश्वर में आयुर्वेद चिकित्सा बनाएं जाने की मांग उठाई। प्रेम बुटोला ने आपदा से क्षति के बावजूद उन्हें उचित मुआवजा नही मिलने सहित अन्य कई समस्याएं उठाईं गई। केदार पंत ने नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा तक सड़क निर्माण किए जाने की मांग की इस मौके पर एसडीएम ने श्रम विभाग को जगह-जगह पर विभाग के शिविर लगाने के निर्देश दिए। इस शिविर में थराली के क्षेत्र प्रमुख प्रवीण पुरोहित, जेष्ठ प्रमुख नवनीत रावत, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र रावत,जिपंस कलावती देवी,लोल्टी प्रधान करीना देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष रणजीत नेगी,नंदू बहुगुणा, पूर्व जिपंस देवी जोशी आदि मौजूद रहे जबकि थराली के खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया, सिंचाई विभाग थराली के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव,लोनिवि थराली की सहायक अभियंता बबिता,जल निगम के कैलाश नौटियाल,जल संस्थान के धर्मराज मौर्या, विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल कुमार, आदि अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण किया।इस मौके पर तमाम विभागों ने अपने स्टाल लगाए क्षेत्र पंचायत सदस्य मनमोहन सिंह रावत ने शिविर में विभागाध्यक्षों के नही आने पर रोष व्यक्त करते हुए शिविर के आयोजन के औचित्य पर सवाल उठाएं, जिस पर विधायक टम्टा ने कहा कि जिस विभाग का सक्षम अधिकारी शिविर में नही पहुंचा हैं उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












