डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ स्थित विक्ट्ररी इन क्राइस्ट चर्च द्वारा जाखन गांव में तृतीय ईस्टर डॉन सर्विस का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पादरी सचिन मैसी ने देश एवं विश्व के कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की। सभा का संचालन रेव. न्यूटन आस्टिन ने किया। उन्होंने बताया कि यह महापर्व प्रभु यीशु मसीह के मृत्यु के तीसरे दिन पुनर्जीवित होने की खुशी में पूरे विश्व में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान पवित्र बाइबल से प्रोफेट इमैनुएल थॉमस मैसी ने प्रचार संदेश देते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह की कब्र खाली पाई गई। जिसकी पुष्टि इतिहासकारों, स्वर्गदूतों, शिष्यों और यरुशलेम के लोगों द्वारा भी की गई है। उन्होंने इसे उनके पुनर्जीवन का प्रतीक बताया। इस अवसर पर चर्च के सदस्यों ने मोमबत्तियां जलाकर यह संदेश दिया कि परमेश्वर ज्योति है और जहां ज्योति होती है, वहां अंधकार का कोई स्थान नहीं होता। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह मानवता को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने के लिए इस धरती पर आए और आज भी अपने प्रेम से सभी को अपनाने के लिए तत्पर हैं।












