डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। साहित्य, संस्कृति और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका के 20वें अंक का विमोचन प्रख्यात लेखक एवं इतिहासकार डॉ. योगेश धस्माना और दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख अनिल कुमार भारती द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि साईं सृजन पटल जैसी पत्रिकाएँ न केवल साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं बल्कि समाज में वैचारिक जागरूकता बढ़ाने और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में जब डिजिटल माध्यम तेजी से बढ़ रहे हैं ऐसे में प्रिंट मीडिया के जरिए साहित्य को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। संस्थापक प्रो (डॉ) केएल तलवाड़ ने बताया कि पटल की स्थापना का उद्देश्य साहित्य के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करना और नवोदित रचनाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पत्रिका में साहित्य, संस्कृति, समाज और समसामयिक मुद्दों पर सारगर्भित सामग्री प्रकाशित की जा रही है, जिसे पाठकों का भरपूर स्नेह मिल रहा है। उप संपादक अंकित तिवारी ने कहा कि आने वाले समय में पत्रिका को और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बनाने के लिए नवीन प्रयोग किए जाएंगे। बताया कि पत्रिका के माध्यम से साहित्यिक रचनाओं के साथ-साथ शिक्षा, संस्कृति, युवा सोच और सामाजिक सरोकार जैसे विषयों को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। इस अवसर पर नीलम तलवाड़, अक्षत सहित आदि रहे।












