डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर विकासखंड डोईवाला के सभागार में जल संरक्षण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जल संरक्षण केवल सरकारी नीति नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसकी शुरुआत हर नल और हर घर से होनी चाहिए। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्लंबरों और पंप ऑपरेटरों को सम्मानित करते हुए उन्हें जल संकट से जंग में अग्रिम पंक्ति का सिपाही बताया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि बदलते समय में पानी सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में प्लंबर और तकनीकी कर्मी वह मजबूत कड़ी हैं, जो दिन-रात मेहनत कर हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि आज जल का संरक्षण नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड पेयजल निगम के सहायक अभियंता अमजद खान ने अधिकारियों, कर्मचारियों, प्लंबरों और पंप ऑपरेटरों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने लीकेज रोकने, जल अपव्यय पर नियंत्रण, योजनाओं के नियमित रखरखाव और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में भारत सिंह रावत, अंकित चौहान, शिवा, फराज आलम आदि उपस्थित रहे।












