देहरादून। आठाबीसी समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को पिथौरागढ़ जिले के इस पिछड़े समुदाय की समस्याओं से अवगत कराया उनके समाधान की मांग रखी। आठाबीसी समुदाय की आर्थिक और समाजिक बदहाली की वजह से समुदाय को ओबीसी सूची में शामिल करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने आठाबीसी समुदाय की विभिन्न मांगों को लेकर के ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री को सौंपे मांग पत्र में आठाबीसी समुदाय को ओबीसी श्रेणी में सूचीबद्ध करने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। डीडीहाट को जिला बनाने की स्थिति में आठाबीसी समुदाय के केंद्र बिंदु जौरासी में ब्लाक मुख्यालय स्थानांतरित करने का आग्रह किया गया। बंदरलीमा से हड़खोला होते हुए हंचीला-अजेड़ा संपर्क मार्ग निर्माण करने की मांग की गई, जिससे आठाबीसी समुदाय के कई गांव एक दूसरे से सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे।
चर्मा-जौरासी आठ किमी मोटर मार्ग को डेढ़ लेन बनाने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया गया। जौरासी-लखतीगांव-चिटगालगांव होते हुए मुवानी को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण करने की मांग मुख्यमंत्री से की गई। इस मार्ग का अधिकांश हिस्सा पहले से ही बना हुआ है, सिर्फ बीच में करीब तीन किमी लिंक मार्ग का निर्माण होने से यह संपूर्ण सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। जौरासी-लधड़ा-डीडीहाट मोटर मार्ग का करीब तीन किमी रुका हुआ मार्ग निर्माण किया जाए। ताकि जौरासी से डीडीहाट का सीधा संपर्क स्थापित हो सके। ये दोनों मोटर मार्ग वन भूमि हस्तांतरण न हो पाने से रुके हुए हैं। नोडल विभाग से वन भूमि हस्तांतरण की मंजूरी दिलाई जाए। मांग की गई कि चर्मा-जौरासी मोटर मार्ग के जम्ज्यालीगांव से महतगांव-ननकूड़ी-छाना-ढकाली होकर दुर्लेख-ठूलागांव में जौरासी-डीडीहाट मार्ग को लिंक किया जाए।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज जौरासी अभी भी जूनियर हाईस्कूल के भवन में संचालित हो रहा है। जौरासी में इंटर कालेज भवन एवं स्टाफ क्वाटर का निर्माण किया जाए, इंटर कालेज में एनसीसी को मंजूरी दी जाए, इंटर कालेज में पूर्णकालिक प्रधानाचार्य समते शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए। जौरासी से सिंगारपुर से हड़खोला-गुड़ौली तक की पर्वत श्रृंखला उत्तर पूर्व फेसिंग पर्वत श्रृंखला है। जिसकी समुद्र तल से हाईट करीब दो हजार मीटर से अधिक है। यह सेब उत्पादन के लिए एक उपयुक्त क्षेत्र हो सकता है। इस क्षेत्र को उद्यान विकास के लिए एप्पल मिशन में शामिल किया जाए। साथ ही कुछ अन्य क्षेत्रों को सिट्रस फल उत्पादन के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री से कुछ अन्य स्थानीय मांगों के बारे में भी आग्रह किया जाए। सब्जी उत्पादन क्षेत्र में धमरौली से गोबराड़ी को सड़क मार्ग से जोड़ा जाए। ग्राम पंचायत लीमाभाट के पलायन प्रभावित मजरा मिलौरी को सड़क से जोड़ा जाए। कीर्ति चक्र विजेता शहीद भगवान सिंह प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाए। ग्राम पंचायत बजानी से प्राथमिक विद्यालय बाजानी, भगवती देवी मंदिर को सड़क मार्ग से जोड़ जाए। बोराबंुगा से अलाइमल मंदिर तक सड़क निर्माण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जौरासी निवासी जोध सिंह बोरा, सौगांव निवासी गोविंद सिंह, हचींला निवासी भूपेंद्र सिंह खोलिया, लीमा निवासी शंकर सिंह भाटिया, दुर्लेख निवासी डा होशियार सिंह बोरा शामिल थे। 












