डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। ऋषिकेश रोड स्थित बालाजी फार्म में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को विधिवत समापन हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के परिवार द्वारा आयोजित इस कथा के समापन अवसर पर पितरों के मोक्ष की कामना करते हुए हवन-यज्ञ किया गया। साथ ही समस्त विश्व एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा समाज में धर्म, सेवा और सद्भाव का भाव जागृत करती है। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हवन-यज्ञ में आहुतियां देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, मेयर शंभू पासवान, ममता रतूड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, ग्राम प्रधान सागर गिरी, राजेश जुगलान, ईश्वर चंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।












