डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एक मदद ब्लड ग्रुप समिति के सदस्यों ने त्वरित सूझबूझ और सेवा भावना का परिचय देते हुए कैंसर से पीड़ित सात वर्षीय मासूम के लिए रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। बताया जा रहा है कि हल्द्वानी निवासी सात वर्षीय बालक कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। उसका उपचार हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार जल्द ही उसका बोन मैरो ट्रांसप्लांट होना है, जिसके लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। परिजन रक्त की व्यवस्था के लिए काफी प्रयास कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही एक मदद ब्लड ग्रुप समिति के सदस्य बिना देर किए अस्पताल पहुंचे और रक्तदान किया।
समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने बताया कि समिति के सदस्य नफीस अहमद, मोहम्मद नईम अंसारी, मोहम्मद अकरम और अधिवक्ता महताब आलम ने मासूम के लिए रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि समिति बालक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी।
उधर, बालक के परिजनों ने समिति और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में इन युवाओं ने उनके लिए देवदूत बनकर मदद की। इसी दौरान समिति के दो अन्य सदस्यों परवेज अली और जेकब खान ने एक अन्य मरीज शकुंतला देवी के लिए भी रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया। समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने कहा कि किसी की जान बचाना सबसे बड़ा मानव धर्म है।











