डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला चीनी मिल की गार्डन कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर में आयोजित तृतीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे राम उपाध्याय ने भक्त ध्रुव और भक्त प्रह्लाद के चरित्र के साथ भगवान वामन और भगवान नृसिंह के अवतारों का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। कथा के दौरान व्यास राम उपाध्याय ने भक्त प्रह्लाद के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि उनके पिता हिरण्यकश्यप ने उन्हें अनेक यातनाएं दीं, लेकिन प्रह्लाद की भगवान के प्रति आस्था अडिग रही। भक्त की रक्षा के लिए भगवान ने नृसिंह अवतार धारण किया। उन्होंने बताया कि भगवान नृसिंह न पूरी तरह मनुष्य थे और न पशु। भगवान का यह अवतार संदेश देता है कि अहंकार और अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। सच्ची श्रद्धा और भक्ति कभी व्यर्थ नहीं जाती। कथा प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। इस अवसर पर मनोज कुमार पांडे, अवधेश कुमार, विजय शर्मा, यशपाल सिंह, दिनेश वर्मा, रमेश कुमार, सत्येंद्र त्यागी, आनंद महावर, कैलाश मित्तल, सुशील जायसवाल, सविता शर्मा, मंजू त्यागी, इंदू पांडेय, उषा श्रीवास्तव, आदि रहे।














