
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भानियावाला तिराहे पर कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। ऋषिकेश जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और देशहित से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेंगे। अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से लगातार दिए जा रहे बयान जनता को भ्रमित करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित मोर्चा ऐसे बयानों और रवैये का पुरजोर विरोध करता है। साथ ही, देशहित में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ता सदैव आवाज उठाते रहेंगे। प्रदर्शन में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता नयाल, चंद्रभान पाल, अमित कुमार, निर्मला उनियाल, बबीता रावत, सुमन रावत, धीरज कश्यप, प्रिंस, मनीष क्षेत्री, विनय कंडवाल, संपूर्ण रावत, मनीष यादव और ललित जेसवाल आदि मौजूद रहे।











